Tuesday, October 20th, 2026

स्वाधीनता संग्राम पर ऑनलाइन प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण 22 जनवरी को

भोपाल

पर्यटन, संस्कृति एवं अध्यात्म मंत्री उषा ठाकुर 22 जनवरी को दोपहर 12 बजे शौर्य स्मारक भोपाल में स्वाधीनता संग्राम पर आधारित ऑनलाइन प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण करेंगी। स्वराज संस्थान संचालनालय द्वारा यह पुरस्कार समारोह आयोजित किया जा रहा है। कोरोना को देखते हुए भोपाल के अलावा अन्य जिलों के प्रतिभागियों को ऑनलाइन पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे।

उल्लेखनीय है कि संस्कृति विभाग, स्वराज संस्थान संचालनालय द्वारा स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश के युवाओं, विद्यार्थियों और बच्चों में स्वाधीनता संग्राम के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से 4 श्रेणियों में स्वाधीनता संग्राम के रणबांकुरों के चित्रों को पहचानें, स्वाधीनता पर केन्द्रित प्रेरक स्लोगन लेखन, देशभक्तिपूर्ण मौलिक कविता लेखन एवं एकल/समूह स्वर में देशभक्तिपूर्ण रचना की संगीतमयी प्रस्तुति की ऑनलाइन प्रतियोगिता mp.mygov.in के माध्यम से आयोजित की गई थी। इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों के लगभग एक हजार युवाओं और विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भागीदारी की थी। इनमें से 48 प्रतिभागियों को चयनित कर सम्मानित किया जा रहा है।

इस अवसर पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस के 125वें जन्मवर्ष के उपलक्ष्य में नेताजी पर केन्द्रित चित्र प्रदर्शनी भी आयोजित होगी। शौर्य स्मारक भोपाल में आयोजित चित्र प्रदर्शनी 22 से 30 जनवरी तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक दर्शकों के अवलोकन के लिये खुली रहेगी।

 

#स्वाधीनता संग्राम

Source : Agency

पाठको की राय